vishwa hindi parishad

+(011) 35990037 , +(91) 8586016348

+(011) 49446677
+(91) 8586016348

विश्व हिंदी परिषद द्वारा हरियाणा भवन, दिल्ली में शनिवार, 25 अप्रैल 2026 को दिल्ली प्रदेश एवं शैक्षिक प्रकोष्ठ के अधिकारियों की समीक्षा बैठक सफलतापूर्वक संपन्न

विश्व हिंदी परिषद द्वारा हरियाणा भवन, दिल्ली में शनिवार, 25 अप्रैल 2026 को दिल्ली प्रदेश एवं शैक्षिक प्रकोष्ठ के अधिकारियों की समीक्षा बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक का नेतृत्व परिषद के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. विपिन कुमार ने किया।
इस अवसर पर 25 मई को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में प्रख्यात लेखक एवं साहित्यकार डॉ. श्रीकांत वर्मा की जयंती के शुभ अवसर पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह की तैयारियों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन की रणनीति तथा दायित्व निर्धारण को लेकर व्यापक मंथन हुआ।
बैठक में परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री देवी प्रसाद मिश्र, दिल्ली प्रदेश संयोजक श्री बालाजी श्रीवास्तव, अध्यक्ष दिल्ली डॉ. ऋचा बनर्जी, उपाध्यक्ष डॉ. अभिलाषा मिश्रा, महामंत्री डॉ. अरविन्द कुमार सिंह तथा राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. श्रवण कुमार, दिल्ली प्रदेश शैक्षिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रो हर्ष बाला एवं महामंत्री डॉ. प्रीति सहित दिल्ली विश्व विद्यालय के शिक्षकगण, अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं आमंत्रित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संगठनात्मक कार्यों को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने हेतु अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में विभिन्न स्तरों पर समितियों के गठन पर विस्तार से चर्चा हुई तथा संगठन को अधिक सक्रिय, सक्षम और प्रभावशाली बनाने के लिए नई कार्ययोजनाओं पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया।
साथ ही, 30–31 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “भारत रत्न अटल: हिंदी, राष्ट्रवाद और सुशासन” की तैयारियों, रूपरेखा, दायित्व निर्धारण एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी व्यापक चर्चा की गई।
बैठक के दौरान प्रतिभागियों द्वारा साझा किए गए अनुभवों एवं सुझावों ने आगामी कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी उपस्थित सदस्यों ने संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तथा भविष्य के आयोजनों को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक के सुचारु समन्वय एवं सफल आयोजन में राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. मुकुल पांडेय एवं कार्यकारिणी सदस्य श्री राजीव नयन ओझा की विशेष भूमिका रही।
परिषद के पदाधिकारियों ने बैठक को अत्यंत उपयोगी एवं सार्थक बताते हुए कहा कि इस प्रकार की नियमित समीक्षा बैठकों से संगठनात्मक कार्यों में गति आती है तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में स्पष्टता और प्रभावशीलता सुनिश्चित होती है।
अंत में सभी उपस्थित सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा परिषद के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने हेतु सामूहिक सहभागिता, समन्वय एवं समर्पण के साथ कार्य करने पर बल दिया गया।