Skip to main content

Vishwa Hindi Parishad | विश्व हिंदी परिषद

+(011) 35990037 , +(91) 8586016348

नये भारत का आधार स्तंभ भाजपा – 13.04.2025 (दैनिक भास्कर)

भारतीय जनता पार्टी की यात्रा भारतीय राजनीति के इतिहास में संघर्ष, प्रेरणा और गौरव का प्रतीक बन चुकी है। इस यात्रा ने न केवल भारतीय राजनीति को नया दिशा दिया, बल्कि देश की राजनीति और समाज में परिवर्तन की दिशा भी निर्धारित की। हर वर्ष 6 अप्रैल को पार्टी कार्यकर्ता स्थापना दिवस को संकल्प दिवस के रूप में मनाते हैं, जो पार्टी के दृढ़ संकल्प, निष्ठा और जनसेवा के प्रति अडिग समर्पण को दर्शाता है। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता गर्व महसूस करता है, क्योंकि वह राष्ट्र प्रथम की विचारधारा को लेकर कार्य करता है।

यह विचारधारा भारतीय जनसंघ से शुरू होकर भाजपा के मजबूत नींव में तब्दील हुई। यह वही विचारधारा थी जिसने स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद राष्ट्रवादी दृष्टिकोण वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और कांग्रेस के बीच वैचारिक मतभेदों को उजागर किया और इसने भारतीय जनता पार्टी को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया। उस समय से आज तक कई राजनीतिक दल परिवारवाद, भ्रष्टाचार, विचारशून्यता और दिशाहीनता के शिकार होकर कमजोर होते गए, लेकिन भारतीय जनता पार्टी अपने विचारों और निष्ठा के साथ लगातार प्रगति करती रही है।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के दर्शन ने हमें राष्ट्रहित और मानवता को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी। यह विचारधारा भारतीय जनता पार्टी की ताकत बनी, जो पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता और समर्थक को प्रेरित करती है। 6 अप्रैल, 1980 को भारतीय जनता पार्टी की स्थापना एक नई शुरुआत थी, जो आज भी पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का प्रतीक बन चुकी है। भारतीय जनता पार्टी की जड़ें 1951 में स्थापित जनसंघ से जुड़ी हैं, और 1977 में जनता पार्टी के साथ गठबंधन एक अस्थायी दौर था, जिसे वैचारिक असहमति ने समाप्त कर दिया। इस असहमति ने हमें स्वतंत्र रूप से फिर से संगठित होने के लिए प्रेरित किया, और इसी तरह भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और एकात्म मानववाद भाजपा के मूल सिद्धांत बने, जो आज भी पार्टी की पहचान के रूप में बने हुए हैं।

भाजपा की स्थापना के बाद शुरुआती वर्ष बहुत चुनौतीपूर्ण रहे। 1984 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को मात्र दो सीटें मिलीं, जो उस समय एक कठिन दौर था। हालांकि, पार्टी कार्यकर्ता अपने विचारों से अडिग रहते हुए समाज के बीच कार्य करते रहे और पार्टी को विस्तार देने में जुटे रहे। 1989 के बाद भाजपा ने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज की। धीरे-धीरे लोकसभा में पार्टी की सीटें बढ़ीं और कई राज्यों में भी भाजपा प्रभावशाली शक्ति के रूप में उभरी। 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भाजपा ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार बनाई, जो भारतीय राजनीति के एक ऐतिहासिक क्षण के रूप में याद की जाती है।

वर्ष 2014 के बाद भाजपा ने जनादेश के आधार पर भारत में एक नई राजनीतिक दिशा तय की। यह केवल आंकड़ों की बात नहीं थी, बल्कि यह जनता के विश्वास का प्रतीक था, जिसने भाजपा को देश की प्रमुख राजनीतिक शक्ति बना दिया। इस जनआशीर्वाद के साथ भाजपा ने न केवल देश के भीतर, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी एक नई पहचान बनाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने जनकल्याण के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए, जिससे पार्टी की छवि एक विकासशील, समावेशी और सशक्त पार्टी के रूप में बनी। आज भारतीय जनता पार्टी भारतीय राजनीति का केंद्र बिंदु बन चुकी है, और यह कोई अनदेखी नहीं की जा सकती। पार्टी ने सेवा, सुशासन और विकास के एक नए मॉडल को प्रस्तुत किया है, जो भारत को वैश्विक मंच पर एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में सफल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री व पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अगुवाई में आज भाजपा देश में कई सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक बदलावों का मार्ग प्रशस्त कर रही है।

उनके प्रयासों ने केवल भारतीय राजनीति को नई दिशा दी, बल्कि भारतीय समाज को एकजुट करने का काम भी किया। मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में विकास की नीतियों को लागू किया, जो समग्र राष्ट्र के हित में थीं। पार्टी ने सुनिश्चित किया कि विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े नागरिक तक पहुंचे। यह केवल सत्ता प्राप्ति का खेल नहीं था, बल्कि एक ऐसा भारत निर्माण की दिशा थी, जहां हर नागरिक को सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि प्राप्त हो। भाजपा ने डिजिटल प्लेटफार्म्स का उपयोग करते हुए अपनी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। इससे पार्टी की नीति और विचारधारा को जनता के बीच बड़ी तेजी से फैलाने में मदद मिली। डिजिटल तकनीक और जमीनी स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत ने भाजपा को एक मजबूत और विस्तृत नेटवर्क प्रदान किया, जिससे पार्टी का आधार और मजबूत हुआ। पार्टी ने समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए अपने कार्य किए, चाहे वह गरीब हो, वंचित हो, महिला हो या युवा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने नवाचारों के माध्यम से नई पीढ़ी को जोड़ने का प्रयास किया है। मोदी सरकार की नीतियों ने युवाओं को रोजगार, शिक्षा और डिजिटल साक्षरता के क्षेत्र में नए अवसर प्रदान किए। पार्टी ने यह सुनिश्चित किया कि हर नागरिक को उसकी जरूरत के हिसाब से सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। भाजपा के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है और कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने योगदान से महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त किया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और जनकेंद्रित नीतियों ने न केवल पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, बल्कि भारत को भी एक वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित किया। भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य है एक ऐसा भारत, जो अपनी गौरवमयी परंपराओं को संजोते हुए आधुनिकता की दिशा में तेजी से आगे बढ़े। भाजपा की यह यात्रा न केवल एक राजनीतिक यात्रा है, बल्कि यह देश सेवा और समर्पण का एक संकल्प है, जो निरंतर भारतीय राजनीति में नयापन और विकास की ओर अग्रसर है।

📣 हमसे जुड़ें हमारा WhatsApp Channel Join करें! ▶ Join Now
WhatsApp