नई दिल्ली, 7 सितंबर 2026। विश्व हिन्दी परिषद के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. विपिन कुमार ने 7 सितंबर 2026 को दिल्ली विश्वविद्यालय पहुँचकर माननीय कुलपति प्रो. योगेश सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच हिन्दी भाषा के संवर्धन, प्रचार-प्रसार एवं वैश्विक विस्तार को लेकर आत्मीय एवं सार्थक संवाद हुआ।
भेंट के दौरान डॉ. विपिन कुमार ने दिल्ली विश्वविद्यालय में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सफल कार्यक्रम के आयोजन तथा युवाओं के साथ हुए सार्थक संवाद के लिए कुलपति प्रो. योगेश सिंह को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से निकला सकारात्मक एवं प्रेरणादायी संदेश देश के युवाओं के साथ-साथ विश्वभर के युवाओं तक पहुँचा है।
डॉ. विपिन कुमार ने कहा कि हिन्दी भाषा, युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण के बीच गहरा संबंध है। युवाओं को भारतीय भाषाओं, संस्कृति एवं राष्ट्र की ज्ञान-परंपरा से जोड़ने के प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर हिन्दी के प्रचार-प्रसार, भारतीय भाषाओं के सम्मान तथा हिन्दी के वैश्विक विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। यह आत्मीय संवाद हिन्दी को व्यापक स्तर पर प्रतिष्ठित करने तथा नई पीढ़ी को भारतीय भाषाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में रहा।